
अल्मोड़ा। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल अल्मोड़ा ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नंदा देवी शक्ति केंद्र क्षेत्र में घर-घर तिरंगा वितरण अभियान चलाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित करते हुए स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानपूर्वक अपने घरों पर तिरंगा फहराने और 13 अगस्त को आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया। भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि पार्टी के कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों को इस अभियान से जोड़ रहे हैं, ताकि स्वतंत्रता दिवस पर नगर का प्रत्येक घर तिरंगे से सुशोभित हो। उन्होंने जानकारी दी कि 13 अगस्त को नंदा देवी मंदिर से मुख्य बाजार होते हुए चौघानपाटा तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं और मातृशक्ति की भागीदारी रहेगी। नगर निगम मेयर अजय वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करते हुए घरों पर तिरंगा फहराने और तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला ने कहा कि यह अभियान राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकता की भावना को मजबूत करने का प्रयास है, जबकि तिरंगा यात्रा संयोजक दिनेश मठपाल ने कहा कि अभियान के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में कैलाश गुरुरानी, देवेंद्र भट्ट, मनोज वर्मा, मनोज सनवाल, कमला तिवारी, नीरज सांगा, सुधीर कुमार, मनोज जोशी, दीपा अधिकारी, संजय जोशी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

