
अल्मोड़ा।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार 4 जुलाई से शुरू होने वाले सात दिवसीय सेवा सप्ताह अभियान के तहत आयोजित जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मल्ला महल परिसर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंच व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता तथा विभिन्न विभागों की ओर से लगाए जाने वाले स्टॉलों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि सेवा सप्ताह का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे पूर्ण तैयारी के साथ शिविर में भाग लें और आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों को मौके पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्यक्रम की सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि 4 जुलाई को आयोजित होने वाला जनपद स्तरीय सेवा सप्ताह कार्यक्रम सफल और जनोपयोगी बन सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


