
रुड़की(आरएनएस)। दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर एक बाइक और रोडवेज बस में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में बुलेट सवार एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुलेट के परखच्चे उड़ गए। सभी घायल उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के रहने वाले हैं जो हरिद्वार की तरफ से लौट रहे थे। मंगलौर कोतवाली पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर बिझौली गांव के पास हरिद्वार की ओर से आ रही एक बाइक की रोडवेज बस से जोरदार भिंडत हो गई। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को राहगीरों की मदद से पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों ने एक युवक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी भगवान सिंह महर ने बताया कि घायलों की पहचान आयुष निवासी करेली, प्रयागराज, दीपिका सिंह और साहिल निवासी मनोरी जनका रोड, प्रयागराज उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। जबकि रोडवेज बस का चालक फरार होने में कामयाब हो गया। चालक की तलाश की जा रही है।
