
देहरादून(आरएनएस)। सहसपुर थाना क्षेत्र के एक महिला ने युवक पर अपनी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। तहरीर के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नाबालिग की खोजबीन शुरू कर दी है। कोतवाल प्रदीप रावत ने बताया कि क्षेत्र की एक महिला ने तहरीर दी है। बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री का क्षेत्र के दो युवक सलमान पुत्र इरफान निवासी हसनपुर कल्याणपुर तथा सुलेमान पुत्र निक्कू निवासी हसनपुर शेरपुर काफी समय से पीछा कर रहे थे। महिला का आरोप है कि कई बार समझाने के बावजूद दोनों युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। बताया कि 9 जून को दोपहर लगभग तीन बजे उनकी गैरमौजूदगी में उनकी पुत्री घर से लापता हो गई। घर पहुंचने पर पूछताछ के दौरान पता चला कि सलमान और सुलेमान उनके घर आए थे। बताया कि दोनों युवक उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए । बताया कि उसने दोनों आरोपितों और अपनी पुत्री के संबंध में काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। कोतवाल ने बताया कि तहरीर के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नाबालिग की खोजबीन शुरू कर दी है।
