
देहरादून(आरएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का फर्जी बनाया वीडियो दिखाकर साइबर ठगों ने दून के सीनियर सिटीजन से 30 लाख रुपये ठग लिए। साइबर ठगी का पता लगने पर उन्होंने साइबर अपराध थाने में तहरीर दी। जिस पर साइबर थाना देहरादून पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शास्त्रीनगर निवासी 62 वर्षीय सुदर्शन सिंह रावत इस ठगी का शिकार हुए। पीड़ित ने फेसबुक पर मंत्री का ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़ा एक वीडियो देखा। वीडियो से जुड़ी ग्लोबिनोक डॉट कॉम नाम की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कर लिया। इसके बाद नौ अप्रैल को उनके पास यूके ( 44) वाले नंबरों से कॉल आने लगी।
शुरुआत में एडवाइजर बनकर ठगों ने मात्र 200 डॉलर का निवेश कराया और इसे बेसिक अकाउंट बताया। इसके बाद गोल्ड अकाउंट की सुविधाओं और अधिक मुनाफे का लालच देकर उनसे हर दिन पैसे जमा करवाए जाने लगे। पीड़ित को फर्जी वेबसाइट के मुख्य पृष्ठ पर उनकी रकम और ट्रेडिंग का मुनाफा दिखता रहा। ठगों ने 23 अप्रैल की रात को अचानक उनका ट्रेडिंग अकाउंट फ्रीज कर दिया। तब तक वह 11,700 डॉलर जमा कर चुके थे। जब पीड़ित ने पैसे निकालने चाहे, तो मात्र 50 डॉलर ही वापस किए गए। इसके बाद अकाउंट अनफ्रीज करने का दबाव बनाकर उनसे कई बार में करीब 21,700 डॉलर का अतिरिक्त निवेश कराया गया। इसके बाद भी एकाउंट से रकम नहीं निकाल पाए। जब पीड़ित को शक हुआ तो जांच करने पर पता चला कि कंपनी की वेबसाइट पूरी तरह से फर्जी है और यह भारतीय रिजर्व बैंक में पंजीकृत नहीं है। तब साइबर अपराध थाने में तहरीर दी। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि शिकायत पर सोमवार को अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
