
अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत राज्य स्तरीय उद्यमशाला महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने वाले उद्यमियों को विकास भवन सभागार में सम्मानित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने विजेताओं को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। देहरादून में 28 मार्च को आयोजित राज्य स्तरीय उद्यमशाला महोत्सव में प्रदेशभर के चयनित प्रतिभागियों ने अपने नवाचार आधारित व्यावसायिक मॉडल प्रस्तुत किए थे। प्रतियोगिता में अल्मोड़ा के प्रतिभागियों ने विभिन्न श्रेणियों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। ख्याति को उनके उद्यम ‘तविश सिल्क अपैरल एंटरप्राइज’ के लिए प्रदेश का सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड चैंपियन’ पुरस्कार मिला। वहीं अर्जुन मेहरा को ‘फाइबर कटलरी एवं हेम्प कुकीज़’ उद्यम के लिए ‘मोस्ट इनोवेटिव कॉन्सेप्ट’ श्रेणी में सम्मानित किया गया। अनिंद्रद्य बिस्वास को उनके उद्यम ‘नयालप होमस्टे’ के लिए ‘मार्केट रेडीनेस’ श्रेणी का पुरस्कार प्रदान किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना ग्रामीण युवाओं और उद्यमियों को स्वरोजगार तथा नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का प्रभावी मंच उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा के उद्यमियों की उपलब्धियां अन्य युवाओं को भी उद्यमिता की ओर प्रेरित करेंगी। इस अवसर पर परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के.एन. तिवारी, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
