
रुद्रपुर(आरएनएस)। नानकमत्ता क्षेत्र के तीन बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी और धोखाधड़ी में किए जाने का मामला सामने आया है। एएसआई की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद खाताधारकों समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एएसआई चंचल सिंह के अनुसार, तीन बैंक खातों की जांच में पता चला कि इन खातों का उपयोग विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के मामलों में पीड़ितों से ठगी गई धनराशि प्राप्त करने के लिए किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि इन खातों का बार-बार साइबर ठगी में इस्तेमाल किया गया। आरोपियों ने मोबाइल कॉल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन एप्लिकेशन के माध्यम से लोगों को अधिक निवेश रिटर्न, नौकरी के अवसर, ऑनलाइन ट्रेडिंग में लाभ आदि के झूठे प्रलोभन देकर धनराशि संबंधित बैंक खातों में ट्रांसफर कराई।
जांच में तीनों खातों के ‘म्यूल अकाउंट’ के रूप में इस्तेमाल होने की पुष्टि हुई है। पुलिस के मुताबिक, सोनू सिंह पुत्र फुम्मन सिंह निवासी ज्ञानपुर गौड़ी ने अपने बैंक खाते में साइबर ठगी की रकम मंगाई। वहीं धर्मेंद्र सिंह पुत्र बलवंत सिंह निवासी हरैया द्वारा सोनू सिंह और अन्य लोगों को इस प्रकार की ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने शुक्रवार को म्यूल खाताधारक सोनू सिंह निवासी ज्ञानपुर गौड़ी, धर्मेंद्र सिंह और दो अन्य खाताधारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

