
अल्मोड़ा। सल्ट विकासखंड की खुमाड़ ग्रामसभा में एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने उसके पति पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी पति फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात घटना की सूचना मिलने पर सल्ट थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को रानीखेत से क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। वहीं तहसीलदार आबिद अली की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई पूरी कराई गई। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में महिला की मौत मारपीट के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बाद आरोपी पति घर से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
