
अल्मोड़ा। न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट के मामले में फरार चल रहे एक अभियुक्त को द्वाराहाट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) के तहत मामला दर्ज है। शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत द्वाराहाट पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार फौजदारी वाद संख्या 17/2025, धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित अभियुक्त प्रदीप पंत पुत्र गोविंद बल्लभ पंत निवासी ग्राम फल्हाड़ी, पोस्ट बिठौली, तहसील द्वाराहाट न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था। पुलिस टीम ने लगातार तलाश और सुरागरसी के बाद शनिवार को उसे द्वाराहाट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।

