

अल्मोड़ा। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत आयोजित शिविरों में आधार संबंधी कार्यों के लिए बढ़ रही भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने द्वाराहाट और ताड़ीखेत विकासखंडों में विशेष आधार कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देश पर आयोजित किए जा रहे इन विशेष शिविरों में आधार कार्ड से जुड़े विभिन्न कार्य किए जाएंगे। प्रशासन के अनुसार पूर्व में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण कई लोग लाभ लेने से वंचित रह गए थे। इसके बाद अलग से आधार कैंप लगाए जाने की मांग लगातार उठ रही थी।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत विकासखंड द्वाराहाट के पंचायत भवन ईड़ा में 20 और 21 मई को विशेष आधार कैंप आयोजित किया जाएगा। वहीं विकासखंड ताड़ीखेत के प्राथमिक पाठशाला टूनाकोट में 28 मई को आधार कैंप लगाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित नोडल अधिकारियों को शिविर स्थलों पर सुबह 11 बजे से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने क्षेत्रीय लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर आधार संबंधी सेवाओं का लाभ उठाने की अपील भी की है।


