

अल्मोड़ा। महिला कोतवाली पुलिस ने शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज पेटशाल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिलेभर में महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और सामाजिक जागरूकता को लेकर अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक महिला कोतवाली एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट जानकी भंडारी के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर उपनिरीक्षक बीना दोसाद, महिला कांस्टेबल तुलसी गोस्वामी और द्रौपदी सुयाल ने छात्र-छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, साइबर अपराध से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, महिला एवं बाल अपराध, उत्तराखंड पुलिस एप, गौरा शक्ति, नए आपराधिक कानून, नशे के दुष्प्रभाव, ह्यूमन ट्रैफिकिंग और यातायात नियमों के संबंध में भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090 और आपदा हेल्पलाइन 1070 की जानकारी भी साझा की।

