

श्रीनगर गढ़वाल(आरएनएस)। नगर निगम क्षेत्र के फरासू में पीलिया तेजी से फैल रहा है। महज चार से पांच दिनों में 15 से 20 बच्चे इससे पीड़ित हो चुके हैं जबकि कई अन्य बच्चों को जांच के लिए अस्पताल लाया जा रहा है। फरासू निवासी पंकज रावत ने बताया कि ढिकवालगांव पंपिंग पेयजल योजना और अन्य स्रोतों से सप्लाई हो रही है लेकिन घरों तक दूषित पानी पहुंच रहा है। गांव के करीब पांच बच्चों का इलाज बेस चिकित्सालय में चल रहा है जबकि अन्य बच्चों के परिजन निजी वाहनों से उन्हें बागवान ले जाकर घरेलू उपचार भी करवा रहे हैं। 15 से 50 बच्चे पीलिया से पीड़ित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस समय पहली बार इतनी बड़ी संख्या में बच्चे पीलिया से ग्रसित हुए हैं। कई घरों में एक-एक बच्चा बीमार है जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। नगर निगम पार्षद सोनू चमोली ने जल संस्थान से पानी की जांच कराने की मांग की। वहीं जल संस्थान के जेई आयुष कंडारी ने बताया कि टीम भेजकर पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी और समस्या मिलने पर तुरंत कार्रवाई होगी। बेस चिकित्सालय की बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकिता गिरी ने बताया कि मौसम परिवर्तन के दौरान दूषित पानी से ऐसी बीमारियां बढ़ती हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को केवल उबला या स्वच्छ पानी देने और बाहर का खाना न खाने की सलाह दी।

