

रुद्रपुर(आरएनएस)। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को तहसील दिवस आयोजित किया गया। इसमें कुल 92 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 22 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। ब्लॉक सभागार में आयोजित तहसील दिवस में डीएम ने कहा कि समस्या जिस स्तर की है उसी स्तर पर समाधान करें, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी समन्वय बनाकर कार्य करते हुए जनता को योजनाओं से लाभान्वित करें। तहसील दिवस में सड़क, नाली निर्माण, हैंडपंप, शिक्षा, आधार कार्ड, राशन कार्ड, पानी, बिजली, भूमि संबंधित कुल 92 शिकायतें पंजीकृत हुईं। इसमें से 22 शिकायतों और समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। डीएम ने 70 समस्याओं को विभिन्न योजनाओं में रखने के निर्देश दिए।
सड़क खुदाई पर कार्रवाई: उन्होंने कहा किसी भी कार्यदायी संस्था द्वारा नगर निकास व लोनिवि की अनुमति लिए बिना सड़क खोदी गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ बच्चों को विद्यालयों में एडमिशन कराने के निर्देश शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दिए। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, नगर पालिकाध्यक्ष रमेश चन्द्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, सांसद प्रतिनिधि रविन्द्र सिंह राणा, राजपाल सिंह, सतीश भट्ट, सीडीओ दिवेश शाशनी, एसडीएम तुषार सैनी, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल, सीवीओ डॉ. आशुतोष जोशी, तहसीलदार वीरेन्द्र सजवाए, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध आदि रहे।
इन लोगों ने ये उठाईं समस्याएं: तहसील दिवस में ग्राम जरासु प्रतापपुर निवासी इन्द्रजीत सिंह ने भूमि का स्वामित्व दिए जाने, वार्ड नंबर-14 तिलक नगर निवासी संतोष मेहरोत्रा ने ऐंठा नाले से अतिक्रमण हटाकर सफाई कराने और वर्षाकाल से पूर्व पानी निकासी की व्यवस्था कराने, ग्राम प्रधान माया जोशी ने ग्राम पंचायत नदन्ना में जलभराव का निराकरण कराने, आदर्श कॉलोनी भूड़ महोलिया के निवासियों ने बारिश के पानी की निकासी को 100 मीटर नाली निर्माण कराने, श्रीपुर बिचुआ के निवासियों ने कृषकों की भूमि पर खड़क सिंह के घर से भूड़ा किशनी की ओर अवैध रूप से रास्ता बनाए जाने पर रोक लगाने, क्षेत्र पंचायत सदस्य चारूबेटा कमलेश सिंह ने ग्राम पंचायत में 15 हैंडपंप लगवाने, ग्राम प्रधान आलाविर्दी चन्द्रकला ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चटियाफार्म में वाटर कूलर व पंखा लगवाने, ग्राम प्रधान नौसर महेन्द्र पाल ने सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता को हटाने, क्षेत्र पंचायत सदस्य नगला तराई सनकेशी ने नई बस्ती नगला तराई में नाली निर्माण और नाली मरम्मत कराने की मांग की।

