

पिथौरागढ़। सीमांत जिले पिथौरागढ़ में सोमवार तड़के एक कमांडर जीप के गहरी खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसा झूलाघाट मार्ग पर बूरा गांव के पास हुआ। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 4:35 बजे जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से एसडीआरएफ को वाहन दुर्घटना की सूचना मिली। इसके बाद मुख्य आरक्षी प्रवेश नगरकोटी के नेतृत्व में टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि कमांडर जीप संख्या यूए 05 5382 अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में चार स्थानीय लोग सवार थे, जो एक विवाह समारोह से अपने घर लौट रहे थे।
स्थानीय लोगों ने तीन घायलों को पहले ही खाई से निकालकर अस्पताल भेज दिया था, जबकि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। एसडीआरएफ टीम ने दुर्गम परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को स्ट्रेचर के माध्यम से मुख्य मार्ग तक पहुंचाया और पुलिस के सुपुर्द किया।
हादसे में जगदीश बिष्ट पुत्र चंचल बिष्ट निवासी बासौद मैनन, मोहन बिष्ट पुत्र रमेश सिंह निवासी बासौद और सचिन चंद पुत्र मोहन चंद निवासी मूनाकोट घायल हुए हैं। मृतक की पहचान लक्की भंडारी पुत्र चंचल भंडारी निवासी कोटभाल्डे के रूप में हुई है।

