

रुद्रपुर(आरएनएस)। कंपनी में काम दिलाने के नाम पर एक व्यापारी से 4.44 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मीना बाजार निवासी केसरी इंटरप्राइजेज के स्वामी पीयूष अग्रवाल ने शनिवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 5 फरवरी 2026 को गुरुग्राम स्थित एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के प्रतिनिधि बताने वाले राजीव शुक्ला से उनकी व्यापार संबंधी बातचीत हुई थी। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग बहानों से उनसे 4.44 लाख रुपये वसूल लिए। आरोपी ने 12 मार्च को पंजीकरण शुल्क के नाम पर 45 हजार रुपये, 17 मार्च को जमानत राशि के नाम पर 2 लाख रुपये, 4 अप्रैल को कॉर्पोरेट पंजीकरण आईडी शुल्क के नाम पर 1.49 लाख रुपये और 13 अप्रैल को फायर सेफ्टी एनओसी के नाम पर 50 हजार रुपये अलग-अलग खातों में जमा कराए। रकम जमा कराने के बाद आरोपी से संपर्क नहीं हो सका। इस पर पीड़ित 14 अप्रैल को बताए गए पते पर गुरुग्राम पहुंचा, जहां पता चला कि बताए गए नाम की कोई कंपनी मौजूद ही नहीं है। वास्तविक कंपनी के अधिकारियों ने भी इस तरह की किसी प्रक्रिया या व्यक्ति से संबंध होने से इनकार कर दिया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने कोतवाली सितारगंज में तहरीर दी। कोतवाल सुंदरम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

