

अल्मोड़ा। सल्ट पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज झीपा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों और नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और विद्यालय स्टॉफ को जागरूकता पम्पलेट भी वितरित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को बताया कि नशा स्वास्थ्य के साथ व्यक्ति के भविष्य को भी प्रभावित करता है। इसके अलावा डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया के दुरुपयोग जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अनजान लिंक और कॉल से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही साइबर ठगी की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 और मादक पदार्थों से संबंधित गोपनीय सूचना देने के लिए मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर संपर्क करने की जानकारी भी दी गई।

