

अल्मोड़ा। जनपद में चल रहे जनजागरूकता अभियान के तहत पुलिस ने राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान सल्ट में छात्र-छात्राओं को विभिन्न विषयों पर जागरूक किया। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस टीम ने युवाओं को साइबर सुरक्षा, नए आपराधिक कानून और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सचेत किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में थाना सल्ट और ई-मोबाइल वैन पुलिस टीम ने कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं और स्टाफ को डिजिटल अरेस्टिंग, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने मानव तस्करी जैसे अपराधों के प्रति भी सचेत करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा के तहत यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशा मुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। पुलिस ने छात्रों और स्टाफ को मानस हेल्पलाइन 1933, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देकर किसी भी समस्या की स्थिति में इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए जागरूक किया।

