
अल्मोड़ा। डे-केयर संस्था की साप्ताहिक बैठक शनिवार को पंडित गोविंद बल्लभ पंत संग्रहालय सभागार में आयोजित हुई। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा शिविर भी लगाया गया, जिसमें 30 वरिष्ठ नागरिकों की विभिन्न जांचें की गईं। शिविर में एक्स-रे, हीमोग्लोबिन, शुगर और रक्तचाप की जांच की गई। एक्स-रे विशेषज्ञ डॉ. डेनियल, डॉ. प्रदीम, मनोज रावत, ललित जोशी सहित मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अधीन विभिन्न चिकित्सालयों से आए तकनीकी विशेषज्ञों ने जांच में सहयोग किया। शिविर के आयोजन में सेवानिवृत्त स्वास्थ्य निदेशक डॉ. जेसी दुर्गापाल का विशेष योगदान रहा। डे-केयर सेंटर के अध्यक्ष हेम चंद्र जोशी सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने चिकित्सा शिविर आयोजित करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी और विशेष रूप से डॉ. जेसी दुर्गापाल के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर में किशोर चंद्र जोशी, आनंद सिंह बगड़वाल, पीएस सत्याल, गिरीश चंद्र जोशी, विपिन जोशी, बालादत्त कांडपाल, एमसी कांडपाल, अनुजा साह सहित अन्य लोगों की जांच की गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संग्रहालय के निदेशक सीएस चौहान और कार्यालय कर्मचारियों का भी सहयोग रहा। संस्था ने बताया कि अगला चिकित्सा शिविर गणेश मंदिर लिंक रोड स्थित आध्यात्मिक केंद्र ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय आश्रम और खत्याड़ी देवी मंदिर में आयोजित किया जाएगा।

