
अल्मोड़ा। सशस्त्र सीमा बल के क्षेत्रक मुख्यालय परिसर में कीर्ति चक्र से सम्मानित उपनिरीक्षक शहीद भूपाल सिंह के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर शहीद स्मारक पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साहस और बलिदान को याद किया गया। कार्यक्रम में शहीद भूपाल सिंह की पत्नी मोहिनी देवी, पुत्र आशुतोष और अभितोष मेहता सहित अधिकारी, जवान, सेवानिवृत्त कार्मिक और संदीक्षा सदस्याओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। उप महानिरीक्षक सुधांशु नौटियाल ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की, जिसके बाद गार्ड द्वारा शोक शस्त्र सलामी दी गई और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इसके उपरांत सभा में शहीद भूपाल सिंह के जीवन परिचय और उनके सर्वोच्च बलिदान के बारे में जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम के दौरान उनकी पत्नी मोहिनी देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। संदीक्षा सभागार में भी उनके सम्मान में कार्यक्रम आयोजित कर उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर कमांडेंट बीसी जोशी, उप कमांडेंट विरेन्द्र सिंह चौधरी, रविनंद झा, विपिन कुमार कटारा, सहायक कमांडेंट राजकुमार सहित अन्य अधिकारी, जवान, संदीक्षा सदस्याएं और सेवानिवृत्त कार्मिक उपस्थित रहे।

