
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना परिसर में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से पुस्तक मेला एवं दीक्षा आरंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। भौतिक विज्ञान विभाग में आयोजित गोष्ठी में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सतपाल सिंह बिष्ट, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नवीन चंद्र लोहनी और परिसर निदेशक एवं यूओयू अल्मोड़ा केंद्र के निदेशक प्रोफेसर प्रवीण सिंह बिष्ट मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रोफेसर प्रवीण सिंह बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत करते हुए केंद्र की गतिविधियों और दूरस्थ शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद प्रोफेसर नवीन चंद्र लोहनी ने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से संचालित दूरस्थ शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, भारतीय ज्ञान परंपरा और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि के रूप में प्रोफेसर सतपाल सिंह बिष्ट ने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत प्रत्येक विद्यार्थी तक शिक्षा पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने प्रयोगशाला, उपकरण और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया और शोध व अकादमिक सहयोग के लिए उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के साथ समझौता करने की बात कही। इस अवसर पर परिसर में निःशुल्क पुस्तक मेले का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुस्तकें वितरित की गईं। कार्यक्रम में शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी और 24वीं वाहिनी एनसीसी के कैडेट्स भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. गौरव कर्नाटक और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रुचि ने किया।

