
अल्मोड़ा। आर्मी पब्लिक स्कूल की छात्रा ख्याति तिवारी ने हाईस्कूल परीक्षा में 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ ही पूरे जनपद में खुशी का माहौल है।
ख्याति तिवारी डॉ. बीना तिवारी और मदन मोहन तिवारी की पुत्री हैं। उनकी माता शिक्षा विभाग में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बानठौक में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उनके पिता भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। उनकी सफलता का श्रेय पारिवारिक अनुशासन और उनकी निरंतर मेहनत को दिया जा रहा है।
ख्याति ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से ही वह इस मुकाम तक पहुंच सकीं। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति एकाग्रता उनकी सफलता के प्रमुख आधार रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षक-स्टाफ ने ख्याति को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं क्षेत्र के लोगों ने उनकी उपलब्धि को प्रेरणादायक बताते हुए इसे जनपद के लिए गर्व का विषय बताया।

