
अल्मोड़ा। अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत जनपद में अग्नि सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। फायर सीजन को ध्यान में रखते हुए अल्मोड़ा और रानीखेत फायर स्टेशन की टीमों ने विभिन्न अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित कर कर्मचारियों को आग से बचाव और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। रानीखेत फायर स्टेशन की टीम ने प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गणेश चंद्र के नेतृत्व में बाबा हेडाखान आयुर्वेदिक हॉस्पिटल, भोले बाबा हॉस्पिटल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ताड़ीखेत में कर्मचारियों को अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। वहीं अल्मोड़ा फायर स्टेशन की टीम ने प्रभारी फायर स्टेशन अधिकारी मुकेश चंद्र चतुर्वेदी के निर्देशन में जीवन ज्योति हॉस्पिटल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाड़ेछीना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। अभियान के दौरान कर्मचारियों को प्राथमिक अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग की जानकारी दी गई और आपातकालीन निकास मार्ग को हमेशा अवरोध मुक्त रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के महत्व पर भी जोर दिया गया। फायर विभाग की टीमों ने बताया कि थोड़ी सी सावधानी और जागरूकता से बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। अभियान के माध्यम से अस्पतालों में कार्यरत स्टाफ को सुरक्षा के प्रति सजग रहने और निर्धारित मानकों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

