
अल्मोड़ा। जनपद में अग्निसुरक्षा के दृष्टिगत रानीखेत क्षेत्र के होटलों में फायर रिस्क निरीक्षण अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर और फायर स्टेशन रानीखेत की टीम ने विभिन्न होटलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों और फायर हाइड्रेंट की कार्यशीलता की जांच की गई, जो संतोषजनक पाई गई। साथ ही आपातकालीन स्थिति में उपयोग होने वाले प्रवेश और निकास द्वारों का भी परीक्षण किया गया, जिन्हें अवरोध मुक्त और सही स्थिति में पाया गया। टीम ने होटल कर्मचारियों को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के संचालन और आग लगने की स्थिति में किए जाने वाले बचाव कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने होटल स्वामियों और प्रबंधकों को निर्देशित किया कि सभी अग्निशमन उपकरणों को हर समय कार्यशील अवस्था में रखें और आपातकालीन मार्गों को अवरुद्ध न होने दें, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके। इसके अतिरिक्त फायर स्टेशन रानीखेत के अग्निशमन अधिकारी गणेश चंद्र ने क्षेत्र के एक होटल में उपकरणों की जांच करते हुए कर्मचारियों को उनके उपयोग की जानकारी दी और उपकरणों को हमेशा सक्रिय स्थिति में बनाए रखने के निर्देश दिए।

