
अल्मोड़ा। जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के लिए दन्या पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दन्या क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग की गई, जिसमें नियम तोड़ने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और सीओ अल्मोड़ा/यातायात बलवंत सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान दो वाहनों के शीशों पर अवैध काली फिल्म पाई गई, जिसे मौके पर ही हटवाया गया और संबंधित चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया। दोनों चालकों को भविष्य में नियमों का पालन करने की कड़ी चेतावनी भी दी गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 अन्य वाहन चालकों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

