
अल्मोड़ा। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चौनलिया में मंगलवार को प्रवेश उत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम के तहत कक्षा 6 और 9 में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर और फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। विद्यालय में इस सत्र में 12 नए छात्रों ने प्रवेश लिया है। कार्यक्रम में रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि ये बच्चे देश का भविष्य हैं और शिक्षा के माध्यम से ही अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों से भी छात्रों को प्रेरित करने की अपील की, ताकि वे आगे बढ़कर देश के विकास में योगदान दे सकें। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. महेश दुर्ग पाल और एसएमसी अध्यक्ष जगदीश चंद्र पांडे ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान ग्राम प्रधान भौनली जगत राम सहित विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों को पुष्प भेंट किए गए। कार्यक्रम का संचालन जगत सिंह भंडारी ने किया। इस अवसर पर संजय कुमार, डर्बी खुशाल राम, हरीश मनराल, अनिल कुमार, ग्राम प्रधान नीमा कठायत सहित कई लोग उपस्थित रहे।

