
बागेश्वर। बैजनाथ के भकुनखोला मैदान में चार दिवसीय कत्यूर महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, विधायक पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा और ब्लॉक प्रमुख किशन सिंह बोरा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो संदेश के माध्यम से क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कत्यूर महोत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय कलाकारों और युवाओं को मंच प्रदान करने के साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कत्यूर घाटी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को रेखांकित करते हुए इसे सामाजिक एकता और सांस्कृतिक संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने स्थानीय लोगों से महोत्सव को सफल बनाने की अपील भी की।
महोत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए हैं, जहां आमजन को योजनाओं से संबंधित जानकारी दी जा रही है। साथ ही स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प का प्रदर्शन भी किया जा रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां, भजन संध्या, प्रतियोगिताएं और अन्य गतिविधियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।
महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही, जिससे पूरा परिसर उत्साह और उल्लास से भरा नजर आया। आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में भी विभिन्न सांस्कृतिक और खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

