
अल्मोड़ा। कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस ने शराब के नशे में टैक्सी कार चला रहे एक चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को प्रभारी निरीक्षक योगेश चंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम धारानौला बाजार में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान आल्टो कार संख्या यूके01-टीए-3985 को रोककर जांच की गई। जांच में वाहन चालक हरीश चंद्र तिवारी पुत्र गंगा दत्त तिवारी निवासी डोबा, अल्मोड़ा शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया। साथ ही 14 हजार रुपये का चालान भी किया गया।


