
अल्मोड़ा(आरएनएस)। जनजागरूकता अभियान के तहत लमगड़ा थाना पुलिस ने दूरस्थ गांव खड़ियानौली (जैंती) में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने विश्वेश्वर रामलीला मंच से ग्रामीणों को स्थानीय कुमाऊनी भाषा में संबोधित करते हुए साइबर अपराधों से बचाव की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान डिजिटल अरेस्टिंग, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों के प्रति लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में बताया गया। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों और रामभक्तों को समझाया गया कि किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और तुरंत संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क करें। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए भी प्रेरित किया। साथ ही महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, महिला एवं बाल अपराध, नशे के दुष्प्रभाव और नए आपराधिक कानूनों के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान गांव में किसी भी बाहरी या संदिग्ध व्यक्ति के प्रवेश की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई। पुलिस ने डायल 112, महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 और आपदा हेल्पलाइन 1070 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी भी साझा की। स्थानीय ग्रामीणों और रामलीला कमेटी ने दूरस्थ क्षेत्र में पहुंचकर उपयोगी जानकारी देने के लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया।

