
श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में पुलिस ने राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पाकिस्तान स्थित एक संदिग्ध आतंकी के संपर्क में था और संवेदनशील स्थानों की जानकारी साझा कर रहा था।
थाना प्रभारी गुरमेल सिंह बराड़ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाशदीप (19) पुत्र पीरा सिंह निवासी केसरीसिंहपुर के रूप में हुई है, जो वर्तमान में चक केरा में रह रहा था। जांच में सामने आया कि वह इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से पाकिस्तान स्थित आतंकी शहजाद भट्टी से लगातार संपर्क में था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी आतंकी के निर्देश पर भीड़-भाड़ और संवेदनशील स्थानों की रेकी कर उनके वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजता था और इसके बदले धनराशि प्राप्त करता था। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसमें कई संदिग्ध साक्ष्य मिले हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए भारत और पाकिस्तान के लोगों के बीच वॉइस चैट और सूचनाओं का आदान-प्रदान कर रहा था, साथ ही +92 कोड वाले नंबरों पर जानकारी साझा कर रहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से आतंकी के साथ अपनी फर्जी तस्वीरें तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा की थीं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा के अंबाला समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों की रेकी कर उनके वीडियो और मार्ग संबंधी जानकारी पाकिस्तान भेजी।
पुलिस को संदेह है कि आरोपी के तार अंबाला में बरामद विस्फोटक सामग्री से भी जुड़े हो सकते हैं, जिन्हें ड्रोन के माध्यम से भारत में पहुंचाया गया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।


