
अल्मोड़ा। संभावित फायर सीजन को देखते हुए जनपद में अग्नि सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए फायर विभाग की ओर से सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन और मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर के पर्यवेक्षण में बुधवार को फायर स्टेशन अल्मोड़ा की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। प्रभारी फायर स्टेशन मुकेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में टीम ने बोरा होटल, जानकी गेस्ट हाउस, जय शिव शक्ति गेस्ट हाउस, शिवओम होटल एवं रिसॉर्ट, हमारा पंप बाड़ेछीना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाड़ेछीना, पेट्रोल पंप गरुड़ाबाज तथा निरंजन शर्मा रेस्टोरेंट एंड गेस्ट हाउस में फायर रिस्क निरीक्षण और फायर ऑडिट किया। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों की गहन जांच की गई और संबंधित स्टाफ को उनके सही संचालन की जानकारी दी गई। साथ ही सभी उपकरणों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए। आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव के उपायों के बारे में भी कर्मचारियों को जागरूक किया गया। फायर विभाग ने सभी प्रतिष्ठानों के कार्मिकों से अपील की है कि फायर सीजन के दौरान विशेष सतर्कता बरतें, अग्निशमन उपकरणों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल फायर सेवा को सूचित करें।

