
अल्मोड़ा। विकासखंड सल्ट के नगचुलाखाल में जीआर चेरिटेबल हेल्थ ट्रस्ट और प्राइम अस्पताल काशीपुर के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान 160 लोगों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण और 85 लोगों की नेत्र जांच की गई। ट्रस्ट की ओर से सभी लोगों की बीपी और शुगर की जांच की गई तथा जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां और हेल्थ सप्लीमेंट वितरित किए गए। इसके अलावा 26 लोगों की खून की जांच भी निःशुल्क करवाई गई और 58 लोगों को नजदीक के चश्मे वितरित किए गए। इस अवसर पर प्राइम अस्पताल काशीपुर के चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। शिविर के आयोजन में करन जीना ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया, जबकि श्रम बोर्ड के सदस्य सुरेश कडाकोटी ने भी सहयोग दिया। करन जीना ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविर ग्रामीणों के लिए लाभकारी साबित होते हैं और आगे भी ऐसे आयोजन किए जाते रहेंगे। सुरेश कडाकोटी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों से लोगों को समय पर उपचार और सही सलाह मिलती है। ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सनवाल ने बताया कि संस्था का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। यहाँ सुरेश कडाकोटी, गुड्डी देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


