
अल्मोड़ा। गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर आर्गनाइजेशन जनपद अल्मोड़ा की मासिक बैठक 14 मार्च को हिमसागर होटल में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग से सेवानिवृत्त नियमित पेंशनरों ने बताया कि उन्हें पिछले दो माह से पेंशन नहीं मिली है। कई पेंशनर वर्ष 1996 से पहले से पेंशन प्राप्त कर रहे थे, लेकिन उनकी पेंशन बिना किसी स्पष्ट कारण के रोक दी गई है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला अध्यक्ष हेमचन्द जोशी ने पेंशनरों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति देयों का भुगतान न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस विषय में विधानसभा में भी सरकार की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य प्राधिकरण पर कर्मचारियों और पेंशनभोगियों से कटौती कर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जो उचित नहीं है। गोल्डन कार्ड के अंतर्गत की गई कटौती का अब तक ऑडिट भी नहीं किया गया है। बैठक में मांग की गई कि लोक निर्माण विभाग के सेवानिवृत्त पेंशनरों को शीघ्र पेंशन का भुगतान किया जाए, चिकित्सा प्रतिपूर्ति देयों का जल्द भुगतान हो तथा सेवानिवृत्त पेंशनरों की राशिकरण कटौती की अवधि 15 वर्ष से कम की जाए। इसके साथ ही 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पर पेंशन में वृद्धि करने की मांग भी उठाई गई। बैठक में विधायक मनोज तिवारी द्वारा गोल्डन कार्ड के मुद्दे को विधानसभा में उठाने पर उनका आभार भी व्यक्त किया गया। अंत में लोक गायक दिवान सिंह कनवाल के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में आनंद सिंह बगड़वाल, गोकुल सिंह रावत, पी.एस. सत्याल, पुष्पा कैड़ा, रमेश चन्द्र पांडेय, सुनयना मेहरा, गजेन्द्र सिंह नेगी, पी.एस. जोशी, आई.सी. जोशी, मदन सिंह मनराल, बी.सी. पंत, किशोर चन्द्र जोशी, देव सिंह टंगड़िया, गिरीश चन्द्र जोशी, मोहन सिंह विरोड़िया, गिरीश चन्द्र तिवारी, धाराबल्लभ पांडेय, विपिन चन्द्र जोशी सहित कई पेंशनर मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता हेमचन्द जोशी और संचालन चन्द्र मणि भट्ट ने किया।


