
काशीपुर(आरएनएस)। शनिवार को एक महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर अपने ही परिजनों पर उसकी बेटी की अश्लील वीडियो बनाकर उसके होने वाले पति को भेजकर रिश्ता तोड़ने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री का रिश्ता तय हुआ था। शनिवार दोपहर करीब 1 बजे उन्हें पता चला कि उनके नाती, पुत्री, पुत्रवधू, पुत्रों ने मिलकर षड्यंत्र रचा। आरोप है कि इन लोगों ने उनकी पुत्री की कुछ अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उसके होने वाले ससुराल पक्ष को भेज दिए। पीड़िता के अनुसार, उनके पति की मृत्यु के बाद वह बेहद मुश्किलों से परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। उन्हें उम्मीद थी कि बेटी का हाथ पीले होने के बाद घर की परेशानियां कम होंगी, लेकिन उनके अपने ही बेटे और अन्य परिजनों ने इस खुशी में जहर घोल दिया। आरोप लगाया गया है कि ये लोग साजिश के तहत बेटी को बदनाम कर उसका रिश्ता तुड़वाना चाहते हैं। एसएसआई विक्रम धामी ने बताया कि महिला की तहरीर प्राप्त हुई है जिसमें जांच की जा रही है।

