पानीपत (आरएनएस)। हरियाणा महिला आयोग ने रैपर और गायक बादशाह की गिरफ्तारी के आदेश जारी किए हैं। आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने पंचकूला और पानीपत के पुलिस अधीक्षकों को बादशाह की गिरफ्तारी और उनका पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश दिए हैं।
बादशाह अपने नए गाने ‘टटीरी’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। गाने के बोल को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना हो रही है और कई लोगों ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए विरोध जताया है।
इस मामले में शुक्रवार को बादशाह को महिला आयोग के समक्ष पेश होना था। हालांकि उनकी ओर से पेश हुए वकीलों ने आयोग को बताया कि पेशेवर व्यस्तताओं के कारण वह उपस्थित नहीं हो सके और अगली तारीख देने का अनुरोध किया।
इस पर आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि यदि बादशाह तय समय तक पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बाद में उन्होंने पंचकूला और पानीपत पुलिस को उनकी गिरफ्तारी और पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश दिए।


