
नई दिल्ली (आरएनएस)। भारत की टी20 विश्व कप जीत के बाद जश्न के दौरान तिरंगे के कथित अपमान को लेकर भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पांड्या विवाद में घिर गए हैं। इस संबंध में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।
यह शिकायत पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर की है। शिकायत में कहा गया है कि भारत की जीत के बाद खिलाड़ियों के जश्न के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें हार्दिक पांड्या कंधे पर तिरंगा लपेटकर मैदान में दौड़ते और डांस करते दिखाई दे रहे हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि एक वीडियो में पांड्या अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मंच पर लेटे हुए दिखाई देते हैं, उस समय भी उनके कंधे पर तिरंगा लिपटा हुआ था। उनका कहना है कि इस तरह का व्यवहार राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के अनुरूप नहीं है।
वाजिद खान बिडकर ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और इसके लिए कानून भी मौजूद है। उन्होंने अपनी शिकायत में राष्ट्रीय ध्वज से संबंधित कानून का हवाला देते हुए मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि शिकायत शिवाजी नगर पुलिस थाने में दी गई है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर ली है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

