
रुद्रपुर(आरएनएस)। घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के कॉमर्शियल उपयोग और बाजार में गैस की कमी की फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम ने गुरुवार को पूर्ति निरीक्षक के साथ बाजार में छापेमारी कर मिठाई की एक दुकान से पांच घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद किए। गुरुवार को एसडीएम रविंद्र जुवांठा ने घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए पूर्ति निरीक्षक डीएस धामी के साथ संयुक्त रूप से बाजार की कई दुकानों में छापेमारी की। इस दौरान किच्छा रोड स्थित रम्पुरा मस्जिद के पास मिठाई की एक दुकान में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का कॉमर्शियल उपयोग करते हुए पाया गया। मौके से पांच घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए। एसडीएम ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग नियमों के खिलाफ है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी की कालाबाजारी पर प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करेगा। इसी क्रम में एसडीएम ने गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक भी की। बैठक में एजेंसी संचालकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और कहीं भी कमी नहीं है। एसडीएम ने लोगों से अपील की कि गैस की कमी से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं और कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाई जाए। साथ ही प्रशासन ने चेतावनी दी है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर का कॉमर्शियल उपयोग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित दुकानों को सील भी किया जा सकता है।

