
अल्मोड़ा। होलिका दहन का पर्व पुलिस लाइन मैदान में पारंपरिक विधि-विधान के साथ मनाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने परिवारजनों और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में शुभ मुहूर्त पर पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया। इस अवसर पर एसएसपी ने उपस्थित पुलिस जवानों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर होली गीत गाए और एक-दूसरे को बधाई दी। माहौल में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा। होलिका दहन को अन्याय और अधर्म पर सत्य और भक्ति की विजय का प्रतीक बताते हुए अधिकारियों ने इसे आपसी सौहार्द और भाईचारे का पर्व बताया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवन्त सिंह, क्षेत्राधिकारी संचार राजीव कुमार टम्टा, क्षेत्राधिकारी अभिसूचना गोपाल दत्त जोशी, प्रतिसार निरीक्षक रमेश चन्द्र, यातायात प्रभारी दरबान सिंह और कोतवाली अल्मोड़ा प्रभारी निरीक्षक योगेश चंद्र उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन मौजूद रहे।


