
अल्मोड़ा। रविवार को हेमवती नंदन बहुगुणा इनडोर स्टेडियम में स्वर्गीय सी एल सेन मेमोरियल मिनी जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता की आधिकारिक टी-शर्ट का लोकार्पण किया गया। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं जनपद में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि बचपन से खेलों में भागीदारी बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रशासन की ओर से खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में सेन सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सोसाइटी और जिला बैडमिंटन संघ अल्मोड़ा द्वारा 17 फरवरी से 19 फरवरी तक इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में अंडर-8, अंडर-9, अंडर-10 और अंडर-11 आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से प्रतिभागियों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रतियोगिता का उद्घाटन 17 फरवरी को शाम 5 बजे कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और जिलाधिकारी अंशुल सिंह करेंगे, जबकि मुख्य विकास अधिकारी रामजी सारण शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के सचिव बी एस मनकोटी, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन कोच डी के सेन, उप जिला क्रीड़ा अधिकारी अरुण बंग्याल और आयोजन सचिव गोकुल मेहता सहित अन्य पदाधिकारी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

