
अल्मोड़ा। खाद्य आयुक्त उत्तराखण्ड और जिलाधिकारी अल्मोड़ा के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में प्रवेश कर रही खाद्य सामग्री पर निगरानी रख रहा है। इसी क्रम में शनिवार सुबह लोधिया पुलिस बैरियर पर बाहरी क्षेत्रों से आ रहे वाहनों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान करीब 16 वाहनों की जांच की गई, जिनमें केएमयू की बसों के साथ ट्रक और अन्य छोटे व्यावसायिक वाहन शामिल रहे। इन वाहनों के माध्यम से मावा, मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री जनपद में लाई जा रही थी। जांच के दौरान एक बस से लाए जा रहे मावे की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर टीम ने मौके पर ही खुले मावे का निरीक्षण कर उसका नमूना संग्रहित किया। नमूने को परीक्षण के लिए खाद्य विश्लेषणशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसी दौरान एक अन्य वाहन में सप्लाई की जा रही पैकेट बंद मिठाइयों की गुणवत्ता पर भी संदेह जताया गया। टीम ने इन मिठाइयों के नमूने भी जांच के लिए संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बाजार में पहुंच रही खाद्य सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने खाद्य कारोबार से जुड़े सभी कारोबारियों, सप्लायरों और वितरकों से अपील की है कि वे खाद्य सामग्री की खरीद-फरोख्त केवल पक्के बिल और वैध दस्तावेजों के साथ ही करें। उन्होंने कहा कि इससे आपूर्ति व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहती है और किसी भी अनियमितता की स्थिति में जिम्मेदारी तय करना आसान होता है। उन्होंने साफ किया कि जनपद में मिलावटी या मानकविहीन खाद्य पदार्थों की आपूर्ति किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। त्योहारों और विशेष अवसरों को देखते हुए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। निरीक्षण टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार के साथ ईश्वर सिंह नेगी और कुंदन सिंह शामिल रहे।

