
रुडकी। मलकपुर चुंगी के पास अनियंत्रित ट्रक सडक़ पर पलट गया। हादसे में नगर निगम के सफाई कर्मचारी की मौके पर मौत हो गयी। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह ट्रक को उठाकर उन्हें बाहर निकाला। हरिद्वार हाईवे पर गुरुवार देर शाम करीब साढ़े आठ बजे नगर निगम में संविदा पर सफाई कर्मचारी संदीप (34) निवासी मलकपुर माजरा अपने साथ सोने के साथ मलकपुर चुंगी के पास खड़ा था। सडक़ किनारे खड़े होकर दोनों बात कर रहे थे। इस बीच सिडकुल हरिद्वार से दवा से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर उनके ऊपर पलट गया। दोनों ट्रक के नीचे दब गए। सूचना पर इंस्पेक्टर सिविल लाइंस राजेश साह पुलिस टीम के पास मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोग भी वहां एकत्र हो गए। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से ट्रक से दवाएं उतारी और ट्रक को किसी तरह ऊपर उठाकर दोनों को निकाला। ट्रक के नीचे उनके करहाने की आवाज आती रही। ट्रक चालक भी ट्रक के अंदर ही बेहोश हो गया। पुलिस ने संदीप और सोनू को बाहर निकाला। तब तक संदीप की मौत हो गयी थी। सोनू को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे रेफर कर दिया गया। बेहोश हुए ट्रक चालक को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इंस्पेक्टर राजेश साह ने बताया कि मृतक के भाई दीपक कुमार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ट्रक सिडकुल से होम्योपैथ की दवा लेकर गाजियाबाद जा रहा था।

