
अल्मोड़ा। जनपद में बालश्रम रोकथाम को लेकर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और ऑपरेशन मुक्ति टीम द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक व नोडल अधिकारी ऑपरेशन मुक्ति अभियान के पर्यवेक्षण में टीम द्वारा सत्यापन और चिन्हीकरण की कार्रवाई की जा रही है। गुरुवार को एएचटीयू और ऑपरेशन मुक्ति टीम ने पेटशाल, चितई और एनटीडी क्षेत्र में स्थित होटलों और ढाबों की सघन जांच की। इस दौरान होटल और ढाबा मालिकों को अपने कर्मचारियों का सत्यापन कराने तथा उनसे जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही बालश्रम से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। जागरूकता अभियान के तहत स्थानीय लोगों को बच्चों से श्रम न कराने और उन्हें शिक्षा के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की भी जांच की गई और मकान मालिकों को सख्त हिदायत दी गई कि बिना सत्यापन किसी भी अनजान व्यक्ति को किराए पर कमरा न दें।

