
रुड़की(आरएनएस)। ससुराल पक्ष के लोगों ने युवक को आत्महत्या के लिए उकसाया। जिसके बाद युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर ससुराल पक्ष के 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मंगलौर थाना क्षेत्र के लिबरहेड़ी गांव निवासी ऋषिपाल ने भगवानपुर पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसके बेटे की शादी करीब 3 वर्ष पूर्व चुड़ियाला गांव निवासी युवती के साथ हुई थी। तभी से ससुराल पक्ष के लोग युवक के साथ गली-गलौज और मारपीट करते रहे है। साथ ही ससुराल पक्ष के लोग उसे आत्महत्या के लिए भी उकसाने का काम करते रहे। बताया कि 4 अगस्त को उसके पुत्र का शव कुंजाबहादुरपुर रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रेक पर मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। इस पर पुलिस ने मृतक की पत्नी मीनाक्षी, उसके भाई कुलदीप, अजय, ऋतिक, विक्रम निवासी चुड़ियाला थाना भगवानपुर तथा दीपक निवासी लिब्बरहेड़ी थाना मंगलौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है। एसएसआई प्रमोद कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

