
देहरादून(आरएनएस)। भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने गुरुवार को बलवीर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस को मंगलौर सीट पर हार का अहसास हो गया है और इसी बौखलाहट में वह रिपोलिंग की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के कार्यों पर भरोसा जताया है और इसी वजह से कांग्रेसी विश्वास पूरी तरह डिगा हुआ है। कोठारी ने मंगलौर उपचुनावों को लेकर लेकर कांग्रेसी आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि ये सभी आरोप अनर्गल और संभावित हार की हताशा हैं। उन्होंने कहा कि जो तमाम आरोप कांग्रेस लगा रही है वो सभी कारगुजारियां कांग्रेस नेताओं की हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने पहले बाहरी कार्यकर्ताओं से उपद्रव कराया और फिर फायरिंग के झूठे आरोपों के साथ समूची विधानसभा में अफवाह फैलाने का काम किया।

