
देहरादून। घर की बिजली कटने के बावजूद अपनी मेहनत और लगन से पढ़कर स्कूल टॉप करने वाली जीजीआईसी कौलागढ़ की छात्रा माही का शिक्षा मंत्री डा. धनसिंह ने घर जाकर सम्मान किया। माही ने 94.80 अंक के साथ हाईस्कूल की राज्य मेरिट में उसने 21वां स्थान भी हासिल किया है। शिक्षा मंत्री डा. धनसिंह ने कौलागढ़ स्थित माही के घर जाकर होनहार छात्रा के साथ उनके पिता किशन लाल को भी सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मां-पिता की प्रेरिणा भी बच्चों को मुकाम तक पहुंचाने में अहम है। माही ने उन्हें बताया कि संयुक्त परिवार में रहने के कारण बोर्ड परीक्षा के दौरान उनके घर का बिजली कनेक्शन कट गया था। चार-पांच दिन तक उनके घर में लाइट नहीं थी। ऐसे में उनकी पढ़ाई की चिंता कर पिता किशन लाल उनके लिए टार्च लेकर आए थे। उसने टार्च और मोमबत्तियों की रोशनी में पढ़ाई कर स्कूल टॉप किया। उनके पिता वहीं फॉस्ट फूड की दुकान लगाते हैं। मां गृहणी हैं।

