
देहरादून(आरएनएस)। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिधौली में एक व्यक्ति ने गुस्से में आकर बेजुबान पिल्लों पर कहर बरपाया। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने गली में रहने वाली एक कुतिया के तीन नवजात पिल्लों को जमीन पर पटक-पटककर मार डाला। इस हृदयविदारक घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ प्रेमनगर कुंदन राम ने बताया कि घटना 14 फरवरी की शाम की है। पुलिस को दी गई शिकायत में बिधौली निवासी परीक्षा तोमर और प्रीति टंडन ने बताया कि उनके पड़ोस में एक गली की कुतिया ने हाल ही में छह बच्चों को जन्म दिया था। शनिवार की शाम उनके पड़ोस में रहने वाले महावीर सजवान ने जानबूझकर तीन पिल्लों को उठाया और उन्हें बेरहमी से जमीन पर पटकना शुरू कर दिया। इस हमले में तीनों पिल्लों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने जब देखा तो अन्य पिल्ले बचाए। तब परीक्षा तोमर और प्रीति टंडन तुरंत बिधौली पुलिस चौकी पहुंचीं और लिखित शिकायत दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बेजुबान जानवरों की हत्या को लेकर क्षेत्र के पशु प्रेमियों में भी रोष है।

